Russia hostel violence news:
मास्को, एजेंसियां। रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक सनसनीखेज हमला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय एक युवक ने हॉस्टल परिसर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में चार भारतीय छात्र और दो पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय हॉस्टल परिसर में अचानक अफरा-तफरी मच गई। हमलावर ने बिना किसी चेतावनी के छात्रों पर हमला शुरू कर दिया। मौके पर खून के छींटे और चीख-पुकार का माहौल बन गया। घायल छात्रों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस पर भी किया हमला
रूसी आंतरिक मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क के अनुसार, जब पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने दो पुलिस अधिकारियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। गिरफ्तारी के दौरान हमलावर ने खुद को भी घायल कर लिया। फिलहाल उसे बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी निगरानी की जा रही है।कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि हमलावर दो हो सकते हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर अब तक केवल एक 15 वर्षीय युवक की पहचान की पुष्टि की गई है। मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे की वजह तलाशने में जुटी हैं।
भारतीय दूतावास सक्रिय
घटना के बाद रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने तुरंत कार्रवाई की। दूतावास ने पुष्टि की कि वे स्थानीय प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन के संपर्क में हैं। कजान से अधिकारियों की एक टीम उफा भेजी गई है ताकि घायल छात्रों को हर संभव सहायता दी जा सके। दूतावास ने आश्वासन दिया है कि छात्रों को आवश्यक चिकित्सा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भारतीय छात्रों में चिंता
रूस में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या बड़ी है। ऐसे में यह घटना न केवल घायल छात्रों बल्कि उनके परिवारों के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। फिलहाल सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और घायलों की स्थिति पर टिकी हैं।













