Typhoon Kalmaegi:
मनीला, एजेंसियां। फिलीपींस में शक्तिशाली तूफान कालमेगी ने भारी तबाही मचाई है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 241 लोग मारे गए हैं और कई लोग लापता हैं। कई इलाकों में मलबा फैला हुआ है और राहत एवं बचाव का काम लगातार जारी है। हालात को देखते हुए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि कई प्रभावित क्षेत्रों में लोग अब भी मदद के लिए फंसे हुए हैं। रेड क्रॉस को सैकड़ों कॉल्स मिली हैं जिनमें लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं।
फिलीपींस की सेना ने बताया:
फिलीपींस की सेना ने बताया कि मृतकों में छह ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो मानवीय सहायता पहुंचाने जा रहे वायुसेना के हेलीकॉप्टर में सवार थे। यह हेलीकॉप्टर मंगलवार को दक्षिणी अगूसन डेल सूर प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार:
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, कालमेगी तूफान अब दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ गया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 130 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही। नागरिक सुरक्षा कार्यालय और प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश मौतें मध्य प्रांत सेबू में हुई हैं, जहां तूफान के कारण अचानक बाढ़ आई और नदियां उफान पर पहुँच गईं। बाढ़ के चलते कई आवासीय क्षेत्र जलमग्न हो गए और लोग अपने घरों की छतों पर शरण लेने के लिए मजबूर हुए।
गवर्नर पामेला बारिकुआट्रो ने बताया:
सेबू की गवर्नर पामेला बारिकुआट्रो ने बताया कि तूफान से बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए गए। सेबू 24 लाख से अधिक आबादी वाला प्रांत है और यह अभी भी 30 सितंबर को आए 6.9 तीव्रता वाले भूकंप से उबर रहा था, जिसमें कम से कम 79 लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग विस्थापित हुए थे। गवर्नर ने कहा कि भूकंप से विस्थापित उत्तरी सेबू के हजारों निवासियों को तूफान आने से पहले अस्थायी आश्रय स्थलों तक ले जाया गया, जिससे बाढ़ का प्रभाव कम हुआ। राहत कार्य और बचाव अभियान पूरे प्रांत में जारी है
इसे भी पढ़ें
Cyclonic Montha: चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ को लेकर रांची नगर निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
