Trump threat global oil
वॉशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर ईरान ने Strait of Hormuz से गुजरने वाले तेल टैंकरों को रोकने की कोशिश की, तो अमेरिका उससे अब तक के हमलों से “20 गुना ज्यादा जोरदार” सैन्य कार्रवाई करेगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा कि यदि ईरान तेल सप्लाई में बाधा डालता है, तो अमेरिका ऐसे ठिकानों को निशाना बनाएगा जिन्हें आसानी से तबाह किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई के बाद ईरान के लिए एक देश के रूप में दोबारा खड़ा होना लगभग नामुमकिन हो सकता है।
ऊर्जा बाजारों की सुरक्षा का दिया तर्क
ट्रंप ने अपने सख्त रुख को अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों की सुरक्षा से जोड़ा। उन्होंने कहा कि यह कदम वैश्विक तेल सप्लाई को सुरक्षित रखने के लिए उठाया जा रहा है। उनके मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल दुनिया के कई देशों तक पहुंचता है। ट्रंप ने इसे अमेरिका की ओर से चीन समेत उन देशों के लिए “एक बड़ा तोहफा” बताया, जो इस समुद्री मार्ग पर निर्भर हैं।
तेल की कीमतों को लेकर भी फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कुछ देशों पर लगे तेल प्रतिबंधों में ढील दी जा सकती है। हालांकि उन्होंने अपने बयान में उन देशों के नाम का खुलासा नहीं किया। ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि ईरान के साथ मौजूदा तनाव जल्द खत्म हो सकता है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब दुनिया के कई देशों में तेल और गैस की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ रही है।







