Venezuela crisis: US -वेनेजुएला संकट पर ट्रंप का दावा: सैन्य कार्रवाई सफल, राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी हिरासत में

2 Min Read

Venezuela crisis

वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। ट्रंप के अनुसार, इस अभियान में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से की गई है और इस पर विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है और शनिवार सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले पर और जानकारी दी जाएगी। इससे पहले शनिवार तड़के वेनेजुएला की राजधानी कराकस में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं और नीची उड़ान भरते विमानों से शहर में दहशत फैल गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन घटनाओं के बाद राष्ट्रपति मादुरो ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की थी, हालांकि तब हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

अमेरिका और वेनेजुएला के बिच तनाव जारी

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लंबे समय से जारी है। बीते महीनों में अमेरिका ने कैरिबियाई क्षेत्र में सैन्य तैनाती बढ़ाई, वेनेजुएला की नावों और तेल टैंकरों को निशाना बनाया और मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप लगाए। ट्रंप पहले ही संकेत दे चुके थे कि वेनेजुएला के खिलाफ खुफिया और सैन्य कार्रवाई को मंजूरी दी जा चुकी है। ट्रंप के ताजा दावे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटनाक्रम पर नजरें टिकी हैं और वेनेजुएला की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Share This Article