Accident in America
लॉस एंजेलिस, एजेंसियां। अमेरिका के लॉस एंजेलिस में ईरान विरोधी रैली के दौरान एक बड़ा और सनसनीखेज हादसा सामने आया है। ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस मोहम्मद रेजा पहलवी के समर्थकों की रैली में एक ट्रक घुस गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब प्रदर्शनकारी ईरान में जारी सरकार विरोधी आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरे थे।
वेस्टवुड इलाके में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी लॉस एंजेलिस के वेस्टवुड इलाके में स्थित विलशायर फेडरल बिल्डिंग के बाहर एकत्रित थे। इसी दौरान ईरानी राजशाही विरोधी संगठन मोजाहिदीन-ए-खल्क (MEK) का स्टिकर लगे एक ट्रक ने अचानक भीड़ में घुसकर कई लोगों को कुचल दिया और तेज रफ्तार से वहां से निकलने की कोशिश की। इस घटना में कई प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रक पर लिखा था राजनीतिक संदेश
घटना में शामिल ट्रक पर ईरान के इतिहास और राजनीति से जुड़ा संदेश लिखा हुआ था। ट्रक के किनारे “No Regime” और “Don’t repeat 1953” जैसे नारे लिखे थे, जो ईरान में 1953 के तख्तापलट की ओर इशारा करते हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने ट्रक चालक पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चालक को मौके से हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में जुटी
लॉस एंजेलिस पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह हादसा जानबूझकर किया गया हमला था या फिर कोई अन्य कारण था।
ईरान विरोधी आंदोलन की गूंज विदेशों तक
गौरतलब है कि ईरान में बेरोजगारी और भुखमरी के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों में अब तक 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं की गूंज अब अमेरिका और यूरोप तक पहुंच गई है। रविवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में भी हजारों लोगों ने रेजा पहलवी के समर्थन में मार्च निकाला, जहां ईरानी राजशाही, इजरायल और अमेरिका के झंडे लहराए गए।







