Thailand-Cambodia Conflict: थाईलैंड ने कंबोडिया पर किया हवाई हमला, बढ़ा तनाव

3 Min Read

Thailand-Cambodia Conflict:

बैंकाक, एजेंसियां। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ताज़ा घटना में थाईलैंड ने कंबोडिया के प्रेह विहियर प्रांत के अन सेस क्षेत्र में हवाई हमला किया, जिसकी पुष्टि कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय ने भी की है। यह हमला उस युद्धविराम के बाद हुआ है, जिसे कुआलालंपुर में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मध्यस्थता से कराया गया था।

थाईलैंड का दावा- सैनिक की मौत का बदलाः

थाई सैन्य अधिकारियों के अनुसार, ये एयरस्ट्राइक सोमवार सुबह किए गए उस हमले का जवाब थीं, जिसमें एक थाई सैनिक की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। सेना ने बताया कि पूर्वी प्रांत उबोन रत्चाथानी के दो इलाकों में तड़के तनाव भड़क गया था, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

थाई सेना का कहना है कि कंबोडिया ने सुबह करीब 3 बजे थाई सीमा पर गोलाबारी शुरू की, जिसके जवाब में एयर स्ट्राइक करनी पड़ी। थाई सेना ने कंबोडिया बॉर्डर पर F-16 को तैनात कर दिया है और कंबोडिया के बॉर्डर पर हमला कर रही है।

कंबोडिया का आरोप- सीजफायर का उल्लंघनः

कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 की सुबह 05:04 बजे थाई लड़ाकू विमानों ने कंबोडियाई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

कंबोडिया ने कहा कि उसने इस हमले का पलटवार नहीं किया, लेकिन इसे अमानवीय और बर्बर कार्रवाई बताया और आरोप लगाया कि थाईलैंड ने 26 अक्टूबर को हुए युद्धविराम का उल्लंघन किया है।
कंबोडियाई सेना ने यह भी कहा कि थाई हमला बिना किसी उकसावे के किया गया।

5 दिन के युद्ध के बाद हुआ था युद्धविरामः

दोनों देशों के बीच जुलाई में सीमा विवाद फिर भड़क गया था। इसके बाद लगातार पांच दिन तक दोनों सेनाएं आमने-सामने रहीं। इन झड़पों में कम से कम 48 लोगों की मौत हुई और लगभग 3 लाख लोग विस्थापित हुए। स्थिति बिगड़ने पर मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यस्थता की। अक्टूबर में कुआलालंपुर में दोनों देशों के बीच शांति समझौता हुआ था, लेकिन अब एक बार फिर संघर्ष बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Share This Article