Tehran toxic smoke crisis: इजरायली हमलों के बाद तेहरान में ‘काली बारिश’ का खतरा, जहरीले धुएं से शहर बना गैस चैंबर

3 Min Read

Tehran toxic smoke crisis:

तेहरान, एजेंसियां। तेहरान में इजरायली हवाई हमलों के बाद हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेल भंडारण केंद्रों पर हमलों के बाद आसमान में जहरीला धुआं फैल गया, जिसके कारण शहर में ‘काली बारिश’ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने और मास्क पहनने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार इजरायल की वायु सेना ने ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिण और पश्चिम हिस्सों में स्थित कई तेल डिपो और रिफाइनरी को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। इन हमलों के बाद कई तेल भंडारण केंद्रों में भीषण आग लग गई, जिससे आसमान में घना काला धुआं फैल गया।

तेल डिपो में लगी आग से फैला जहरीला धुआं

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलों में तेहरान और अल्बोर्ज प्रांत के चार तेल भंडारण केंद्र और एक तेल उत्पादन एवं ट्रांसफर केंद्र प्रभावित हुए। इनमें अघदासिये तेल गोदाम, शहरान तेल डिपो, तेहरान रिफाइनरी और कराज क्षेत्र का एक अन्य तेल डिपो शामिल है। हमलों के बाद कई इलाकों में तेल सड़कों तक फैल गया और आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं। स्थानीय लोगों के अनुसार विस्फोट इतने तेज थे कि रात के समय आसमान कुछ देर के लिए दिन जैसा नजर आने लगा।

आसमान से गिर रही ‘काली बारिश’

हमलों के बाद रविवार को शहर के कई हिस्सों में तेल मिश्रित काले अवशेषों वाली बारिश की खबरें सामने आईं। विशेषज्ञों के मुताबिक यह बारिश हाइड्रोकार्बन, सूक्ष्म कण (PM2.5) और अन्य जहरीले रसायनों से भरी हो सकती है, जो इंसानों और पर्यावरण दोनों के लिए खतरनाक है। ईरानी अधिकारियों ने बताया कि हवा की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की जहरीली बारिश से सिरदर्द, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोग ज्यादा जोखिम में हैं। लंबे समय तक इन प्रदूषकों के संपर्क में रहने से कैंसर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। हमलों के दौरान तेल डिपो के पास मौजूद चार टैंकर ड्राइवरों की मौत की भी खबर सामने आई है। हमलों के बाद तेहरान और आसपास के इलाकों में धुएं की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे शहर के लाखों लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

Share This Article