Sydney Terrorist Attack
सिडनी, एजेंसियां। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर हुए भीषण आतंकी हमले को लेकर ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस कमिश्नर क्रिसी बैरेट ने कहा कि यह हमला इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रेरित था। यह हमला हनुक्का सेलिब्रेशन के दौरान हुआ, जिसमें एक बच्चे समेत 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं।
पिता–पुत्र थे हमलावर
पुलिस के मुताबिक, इस आतंकी हमले में पिता और बेटा शामिल थे, जिनकी उम्र क्रमशः 50 और 24 वर्ष थी। गोलीबारी के दौरान एक आतंकी को मौके पर ही मार गिराया गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद जब्त किए गए वाहन से ISIS का झंडा और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद हुए हैं, जिससे आतंकी विचारधारा की पुष्टि होती है।
प्रधानमंत्री ने सबूतों की पुष्टि की
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि पुलिस द्वारा दी गई जानकारी ठोस सबूतों पर आधारित है। उन्होंने इस हमले को देश की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया और आतंक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बंदूक कानून और सख्त होंगे
इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में बंदूक कानूनों को और सख्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हथियारों तक पहुंच को और सीमित करने का संकेत दिया है। खास बात यह है कि हमलावरों ने हथियार कानूनी तरीके से जमा किए थे, जिसे लेकर सरकार अब कानून में बड़े बदलाव पर विचार कर रही है।
जांच का दायरा बढ़ा
न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर माल लैन्योन ने बताया कि संदिग्ध पिछले महीने फिलीपींस गए थे। जांच एजेंसियां अब उनकी यात्रा, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने बेहद बेरहमी से हमला किया और उनका मकसद अधिक से अधिक लोगों की जान लेना था।








