Sydney Terror Attack: फायरिंग कर रहे आतंकी को दबोचा और छीन ली बंदूक, जानिए किसने की ये हीरोनामा काम ?

2 Min Read

Sydney Terror Attack:

सिडनी, एजेंसियां। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के जश्न के दौरान हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। हजारों लोगों की मौजूदगी में दो बंदूकधारियों ने अचानक भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हो गए। चारों ओर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

फायरिंग के बीच दिखा अदम्य साहस

इस भयावह माहौल में एक शख्स ने असाधारण बहादुरी दिखाते हुए हालात की दिशा बदल दी। इस व्यक्ति का नाम अहमद अल अहमद है, जो सिडनी के सदरलैंड इलाके में फलों की दुकान चलाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अहमद एक कार के पीछे छिपे हुए थे, लेकिन जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने फायरिंग कर रहे आतंकी पर पीछे से झपट्टा मारा।

गुत्थम-गुत्था के बाद छीनी बंदूक

आतंकी और अहमद के बीच जोरदार हाथापाई हुई। संघर्ष के दौरान अहमद ने हमलावर पर काबू पा लिया और उसकी बंदूक छीन ली। अहमद ने उसी बंदूक को हमलावर पर तान दिया, जिससे घबराकर आतंकी मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि इस दौरान अहमद को दो गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पिता-पुत्र थे हमलावर

न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, इस हमले को अंजाम देने वाले दोनों हमलावर पिता और बेटे थे। 50 वर्षीय पिता पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया, जबकि 24 वर्षीय बेटा घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने इसे पिछले तीन दशकों में ऑस्ट्रेलिया की सबसे घातक गोलीबारी में से एक बताया है।

पूरी दुनिया कर रही सराहना

अहमद अल अहमद की बहादुरी और सूझबूझ की दुनियाभर में तारीफ हो रही है। मुश्किल हालात में जान जोखिम में डालकर दूसरों की जान बचाने वाले अहमद आज “सिडनी के हीरो” के रूप में पहचाने जा रहे हैं।

Share This Article