Sydney mass shooting news: सिडनी के बोंडी बीच पर भीषण गोलीबारी, एक हमलावर समेत 12 की मौत

2 Min Read

Sydney mass shooting news

सिडनी, एजेंसियां। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य में सिडनी के प्रसिद्ध बोंडी बीच पर रविवार शाम हुए भीषण गोलीकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। यह घटना उस समय हुई जब बीच के पास आर्चर पार्क में यहूदी त्योहार हनुका का आयोजन चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इस हमले में 11 आम नागरिकों और एक हमलावर की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक बच्चा और दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुई घटना

न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर एम लेनयन के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शाम 6:47 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। उस वक्त इलाके में करीब एक हजार लोग मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि दो बंदूकधारियों ने सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर मारा गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और हिरासत में है।

चश्मदीदों ने क्या देखा

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि शुरुआत में गोलियों की आवाज पटाखों जैसी लगी, लेकिन जल्द ही अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने जमीन पर पड़े शव देखे और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग कारों और दुकानों के पीछे छिप गए। बीबीसी द्वारा सत्यापित वीडियो में पार्क में कई शव जमीन पर पड़े नजर आए।

यहूदी समुदाय को निशाना बनाने का आरोप

न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा कि यह हमला सिडनी के यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया प्रतीत होता है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने इसे “यहूदी-विरोधी नफरत की कार्रवाई” और एक आतंकवादी हमला बताया।

पुलिस अलर्ट पर

पुलिस ने एक हमलावर की कार से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद होने की पुष्टि की है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है। यह घटना ऑस्ट्रेलिया के हालिया इतिहास की सबसे भयावह गोलीबारी में से एक मानी जा रही है।

Share This Article