Morocco flash floods news
रबात, एजेंसियां। उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को में मार्टा तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के कारण आई अचानक बाढ़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है। बीते कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और ओवरफ्लो हो चुके बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं।
मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक, राजधानी रबात से करीब 270 किलोमीटर उत्तर में टेटुआन के पास एक गांव में बाढ़ के तेज बहाव में एक कार बह गई। इस हादसे में तीन बच्चों और 30 वर्षीय एक व्यक्ति की जान चली गई।
92 मिमी तक बारिश, कई इलाके जलमग्न
मोरक्को के मौसम विज्ञान महानिदेशालय के अधिकारी हुसैन यूआबेद ने बताया कि यह बाढ़ ‘मार्टा’ नाम के तूफान का नतीजा है। उत्तरी शहरों के कुछ इलाकों में 92 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे नदियां और बांध उफान पर आ गए।
पहले भी मचा चुका है तूफान कहर
इससे पहले कुछ दिन पहले आए तूफान लियोनार्डो ने भी मोरक्को, उत्तरी अफ्रीका और इबेरियन प्रायद्वीप में भारी नुकसान पहुंचाया था। उस दौरान मोरक्को में बांध और नदियां ओवरफ्लो हो गई थीं, घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा था और 1.5 लाख से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े थे।
तबाही के बीच राहत की खबर
हालांकि, बाढ़ के बीच अधिकारियों ने यह भी कहा कि भारी बारिश से देश के लिए कम से कम एक साल के पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है। इससे कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी, जो कई वर्षों के सूखे से जूझ रहा था। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।