Donald Trump
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका ने नाइजीरिया में आतंकवादी संगठन ISIS के ठिकानों पर बड़ी सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी सेना ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में रात भर एयरस्ट्राइक की, जिसका वीडियो भी जारी किया गया है। इस ऑपरेशन की जानकारी खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए दी।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह हमला ईसाइयों की हत्याओं को अंजाम देने वाले ISIS आतंकियों को निशाना बनाकर किया गया। उन्होंने लिखा कि कमांडर इन चीफ के तौर पर उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना ने ISIS के खिलाफ शक्तिशाली और सटीक हमले किए हैं।
ट्रंप ने कहा कि ये आतंकी लंबे समय से निर्दोष ईसाइयों को निशाना बना रहे थे और उन्हें पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद को किसी भी हाल में पनपने नहीं देगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ वार ने एयरस्ट्राइक का फुटेज जारी किया है और बताया कि यह ऑपरेशन ‘शक्ति के बल पर शांति’ का उदाहरण है। नाइजीरिया में अमेरिका की यह अब तक की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई मानी जा रही है।

