Russia attacks
मॉस्को, एजेंसियां। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। बीती रात रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। शहर में कई जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस ने किंझाल हाइपरसोनिक मिसाइल, चार इस्कैंडर बैलिस्टिक मिसाइल और कई कालिब्र क्रूज मिसाइलें दागीं। इसके अलावा कई ड्रोन भी हमले में शामिल थे। हमले के बाद कीव से करीब 20 किलोमीटर दूर ब्रावरी शहर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
मेयर की लोगों से अपील
कीव के मेयर विटाली क्लिचको ने नागरिकों से शेल्टर में रहने की अपील की, जबकि यूक्रेन की वायुसेना ने हाई अलर्ट जारी किया। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच संभावित शांति वार्ता की तैयारी चल रही है।
रूस का दावा
रूस ने दावा किया है कि उसके बल दक्षिणी यूक्रेन में आगे बढ़ रहे हैं और ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र के एक कस्बे पर कब्जा कर लिया गया है। रूस का कहना है कि ये हमले यूक्रेन की ओर से किए गए हमलों के जवाब में किए गए हैं और इनका लक्ष्य ऊर्जा व सैन्य ठिकाने थे।







