Russia launches ceasefire
कीव, एजेंसियां। अमेरिका की मध्यस्थता में संयुक्त अरब अमीरात में चल रही संघर्ष विराम वार्ता के बावजूद रूस-यूक्रेन युद्ध की आग थमती नजर नहीं आ रही है। रूस की ओर से किए गए ड्रोन हमलों में यूक्रेन को एक बार फिर भारी नुकसान उठाना पड़ा है। राजधानी कीव में हुए रूसी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। कीव के शहरी सैन्य प्रशासन प्रमुख ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हमले के बाद इलाके में आपात सेवाएं तैनात कर दी गई हैं।
खारकीव पर भी रूसी हमले
इसी दौरान यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर भी रूसी हमले किए गए। खारकीव में हुए हमलों में कम से कम 14 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया, जिससे आम नागरिकों में दहशत फैल गई है।
गौरतलब है कि इन हमलों का समय बेहद संवेदनशील है, क्योंकि इसी दौरान संयुक्त अरब अमीरात में अमेरिका की मध्यस्थता से रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष विराम को लेकर बातचीत चल रही है। लगातार हो रहे हमलों ने शांति वार्ता की संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह संकेत दिया है कि जमीन पर हालात अभी भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
