Robin Kaye Murder: अमेरिकन आइडल की म्यूजिक सुपरवाइजर रॉबिन केय और उनके पति की गोली मारकर हत्या

3 Min Read

Robin Kaye Murder:

वाशिंगटन, एजेंसियां। मशहूर रियलिटी शो ‘अमेरिकन आइडल’ से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शो की म्यूजिक सुपरवाइजर रॉबिन केय और उनके पति टॉम डेलुका की लॉस एंजिल्स स्थित घर में हत्या कर दी गई। दोनों के शव पुलिस को उनके घर पर वेलफेयर चेक के दौरान मिले, जब वे कुछ दिनों से संपर्क में नहीं थे।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि दोनों को गोली मारी गई थी। बाद में शवों की पहचान रॉबिन केय और उनके 70 वर्षीय पति टॉम डेलुका के रूप में हुई। मामले की हत्या के एंगल से जांच की जा रही है।

हत्या के शक में 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

लॉस एंजिल्स पुलिस ने इस जघन्य हत्या के मामले में 22 वर्षीय रेमंड बूडेरियन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 10 जुलाई को उस वक्त घर में चोरी कर रहा था, जब कपल बाहर गए हुए थे। रॉबिन और टॉम के लौटने पर आरोपी ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। अभी तक उसे कोई सरकारी वकील नहीं सौंपा गया है, और न ही उसका कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।

इंडस्ट्री में गहरा शोक

2009 से अमेरिकन आइडल से जुड़ी रहीं रॉबिन केय को शो के लिए एक मजबूत स्तंभ माना जाता था। शो के प्रवक्ता ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “रॉबिन हमारी टीम की आधारशिला थीं। उनके संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति ने उनसे प्रेरणा पाई है।” रॉबिन ने अमेरिकन आइडल के अलावा ‘हॉलीवुड गेम नाइट’, ‘द सिंगिंग बी’, ‘लिप सिंक बैटल’, और मिस यूनिवर्स व मिस यूएसए प्रतियोगिताओं में भी म्यूजिक सुपरविजन का अहम कार्य किया था।उनकी हत्या से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है, और लोग सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें

वह रील, जो बना टेनिस प्लेयर की हत्या कारण, राधिका ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया, पिता से परिचितों ने जताया एतराज

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं