Rob Reiner death: घर में मृत मिले रॉब रेनर और पत्नी, बेटे पर दोहरे मर्डर का शक

3 Min Read

Rob Reiner death:

वाशिंगटन, एजेंसियां। हॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्देशक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रेनर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। दोनों के शव रविवार दोपहर लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड इलाके में स्थित उनके आवास से बरामद किए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि दोनों के शरीर पर चाकू से वार के निशान मिलने की बात सामने आई है।

लॉस एंजिल्स पुलिस डिपार्टमेंट के रॉबरी एंड मर्डर डिवीजन के डिटेक्टिव इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी आरोपी का नाम नहीं लिया है, लेकिन सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि शक की सुई दंपती के बेटे निक रेनर पर घूम रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पारिवारिक विवाद इस घटना की संभावित वजह हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

परिवार की ओर से जारी बयान

परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हम अत्यंत दुख के साथ मिशेल और रॉब रेनर के निधन की सूचना दे रहे हैं। यह हमारे लिए गहरा आघात है। इस कठिन समय में हम निजता की अपील करते हैं।” बयान में किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है।

निक रेनर पेशे से लेखक हैं

निक रेनर पेशे से लेखक हैं और उन्होंने 2015 में आई फिल्म बीइंग चार्ली की कहानी लिखी थी, जिसका निर्देशन रॉब रेनर ने किया था। एक पुराने इंटरव्यू में निक ने स्वीकार किया था कि इस फिल्म के दौरान उनके और पिता के रिश्तों में सुधार आया था, जबकि बचपन में दोनों के बीच ज्यादा नजदीकी नहीं थी।फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है चाहे वह पारिवारिक संबंध हों, आर्थिक लेनदेन या बाहरी हस्तक्षेप। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Share This Article
Exit mobile version