वेस्ट बैंक। फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री मोहम्मद सातायेह समेत पूरे मंत्रिमंडल ने इस्तीफा दे दिया है। यानी कि पूरी सरकार ने इस्तीफा दे दिया है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक प्रधानमंत्री मोहम्मद सातायेह ने कहा है कि गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी भूख से तड़प रहे हैं।
वहां लगातार इजराइली हमले हो रहे हैं। वेस्ट बैंक और यरुशलम में भी हिंसा बढ़ रही है। इसे देखते हुए पद पर बने रहना उचित नहीं लगता। इसलिए मैंने राष्ट्रपति महमूद अब्बास को इस्तीफा सौंप दिया है।
मोहम्मद सातायेह का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका प्रेसिडेंट अब्बास पर फिलिस्तीन में नया पॉलिटिकल स्ट्रक्चर बनाने का दबाव बना रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल-हमास जंग खत्म होने के बाद फिलिस्तीन राज्य की स्थापना होगी। इस राज्य पर किसका शासन होगा, अमेरिका इसको लेकर इजराइल और फिलिस्तीनी अथॉरिटी से बात कर रहा है।
अमेरिका का कहना है कि यहां शासन के लिए नया पॉलिटिकल स्ट्रक्चर बनाया जाना चाहिए।
7 अक्टूबर 2023 के बाद से इजराइली सेना लगातार गाजा में हमले कर रही है। इसका असर वेस्ट बैंक में भी हो रहा है।
वेस्ट बैंक में 395 लोग मारे जा चुके हैं। वहीं, गाजा में 29 हजार फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री मोहम्मद सातायेह के इस्तीफे के बाद अब राष्ट्रपति महमूद अब्बास को तय करना है कि वह इस्तीफा स्वीकार करें या नहीं।
बता दें कि फिलिस्तीन अथॉरिटी का राष्ट्रपति ही राज्य का प्रमुख होता है। राष्ट्रपति का चुनाव वेस्ट बैंक और पूर्वी यरुशलम में लोकतांत्रिक रूप से होता है।
मौजूदा राष्ट्रपति महमूद अब्बास हैं। वह 2005 से फिलिस्तीन अथॉरिटी की अगुआई कर रहे हैं। राष्ट्रपति प्रधानमंत्री की नियुक्ति करता है, जो सरकार बनाने के लिए जिम्मेदार होता है।
PM की नियुक्ति राष्ट्रपति के मन मुताबिक होती है। इसके लिए संसद के अप्रूवल की जरूरत होती है।
इसे भी पढ़ें
रांची टेस्ट जीत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर जमाया कब्जा








