दोहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई से कतर पहुंचे हैं। इसके साथ ही एक बार फिर भारत के आठ नौसैनिकों की रिहाई के चर्चे शुरू हो गये हैं।
दो दिनों पहले ही इन नौसैनिकों की रिहाई हुई है और वे भारत पहुंच चुके हैं। उनकी वापसी के बाद पीएम मोदी कतर पहुंचे हैं।
इससे पहले यूएई में दो दिन के अपने सफल दौरे के दौरान पीएम मोदी ने वहां के बड़े नेताओं से मुलाकात की और अबू धाबी में हिन्दू मंदिर का उद्घाटन किया।
इसके बाद वह कतर की राजधानी दोहा पहुंचे हैं। दोहा में हवाई अड्डे पर मंत्री सोल्तान बिन साद अल-मुरैखी ने मोदी का स्वागत किया।
दोहा पहुंचने के बाद उन्होंने कतर के प्रधानमंत्री के शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी के साथ बैठक की।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि कतर के पीएम के साथ उनकी मुलाकात शानदार रही। दोनों नेताओं के बीच भारत-कतर मित्रता को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात करेंगे। इसमें द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होगी।
साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी की ये कतर की दूसरी यात्रा हैष पहली बार उन्होंने जून 2016 में कतर का दौरा किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा है कि पीएम मोदी का ये दौरा कतर के साथ ऐतिहासिक और गहरे संबंधों को बढ़ावा देगा बता दें कि प्रधानमंत्री का ये कतर दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब हाल ही में वहां की सरकार ने आठ पूर्व भारतीय नौसैनिकों की फांसी की सजा माफ करते हुए उनको भारत वापस भेज दिया है।
पीएम मोदी की कतर यात्रा बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि कतर ने जासूसी के आरोप में करीब 18 महीने से जेल में बंद आठ पूर्व नौसेना अधिकारियों को हाल ही में रिहा किया है, जो भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें
350 करोड़ की बरामदगी के बाद धीरज साहू ने जमा किया 150 करोड़ का टैक्स







