PM Modi Malaysia visit
कुआलालंपुर, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने पहुंचे और दोनों नेता एक ही कार में कार्यक्रम स्थल तक गए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और मलेशिया के रिश्तों को मजबूत और ऐतिहासिक बताया।
पीएम मोदी ने कहा
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया की सफलता ही एशिया की सफलता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। मलेशिया में भारतीय फिल्मों और तमिल गीतों की लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के करीब 500 स्कूलों में भारतीय भाषाओं में पढ़ाई होती है, जो दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।
आर्थिक और तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा
प्रधानमंत्री ने भारत की तेज आर्थिक और तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि देश जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत का डिजिटल भुगतान सिस्टम यूपीआई जल्द ही मलेशिया में शुरू किया जाएगा, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार और लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा।पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि मलेशिया में एक नया भारतीय कांसुलेट खोला जाएगा, जिससे वहां रहने वाले भारतीय समुदाय को सुविधा मिलेगी। उन्होंने अप्रवासी भारतीयों को भारत की विकास यात्रा की महत्वपूर्ण शक्ति बताया और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मलेशिया में लगभग 30 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, इसलिए इसे “मिनी इंडिया” भी कहा जाता है। पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

















