Pakistani hockey players
इस्लामाबाद, एजेंसियां। पाकिस्तान हॉकी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। पाकिस्तानी हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान हॉकी बोर्ड (PHB) ने उन्हें तय भत्ते से कहीं कम भुगतान किया है। खिलाड़ियों का कहना है कि मेंस एफआईएच प्रो लीग के दौरान अर्जेंटीना दौरे के लिए उन्हें प्रतिदिन 30 हजार पाकिस्तानी रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन उनके खातों में केवल 11 हजार रुपये ही जमा किए गए। इससे खिलाड़ी नाराज हैं और फरवरी में होने वाले प्रो लीग के दूसरे चरण में खेलने से इनकार करने की चेतावनी दे रहे हैं।
खिलाड़ियों का आरोप
खिलाड़ियों का आरोप है कि यह सीधा धोखा है और बार-बार मांग के बावजूद पूरा भुगतान नहीं किया गया। वहीं, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने फंड की कमी का हवाला देते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं। फेडरेशन के सचिव राणा मुजाहिद ने स्वीकार किया कि खिलाड़ियों को पूरा भत्ता मिलना चाहिए था, लेकिन खर्च पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड द्वारा उठाए जाने के कारण वे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। विवाद नहीं सुलझा तो पाकिस्तान टीम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और किरकिरी तय मानी जा रही है।







