Asim Munir
इस्लामाबाद, एजेंसियां। पाकिस्तान सरकार ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को जान से मारने की धमकियों से जुड़ी साजिश लंदन से रची जा रही है। इस मामले को गंभीर सुरक्षा खतरा बताते हुए इस्लामाबाद ने ब्रिटेन सरकार को एक औपचारिक पत्र भेजा है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पाक सरकार के अनुसार
पाक सरकार के अनुसार, लंदन से संचालित पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) से जुड़े कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें जनरल आसिम मुनीर के खिलाफ खुली धमकियां दी जा रही हैं। सरकार का कहना है कि यह न तो राजनीतिक बयानबाजी है और न ही प्रतीकात्मक भाषा, बल्कि सीधे तौर पर हिंसा के लिए उकसावा है।
पत्र में ब्रिटेन से मांग की गई है कि ऐसे अकाउंट्स की पहचान कर जांच शुरू की जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही यह भी कहा गया है कि ब्रिटेन की धरती का इस्तेमाल हिंसा और अस्थिरता फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए। पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने से दोनों देशों के संबंधों पर असर पड़ सकता है।





