Niger Niamey air force base attack: नाइजर की राजधानी नियामे में एयर फोर्स बेस पर हमला, 20 हमलावर ढेर; 11 गिरफ्तार

3 Min Read

Niger Niamey air force base attack:

नियामे, एजेंसियां। नाइजर की राजधानी नियामे में बुधवार देर रात एक बड़ा और गंभीर आतंकी हमला सामने आया है। डियोरी हमानी इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में स्थित नाइजर एयर फोर्स बेस को हथियारबंद हमलावरों ने निशाना बनाया। इस हमले में सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के दौरान 20 हमलावर मारे गए, जबकि 11 अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले में नाइजर सेना के चार जवान घायल हुए हैं।

सरकारी ब्रॉडकास्टर के मुताबिक

सरकारी ब्रॉडकास्टर के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर एयर फोर्स बेस के पास पहुंचे और अचानक भारी गोलीबारी शुरू कर दी। आधी रात के आसपास हुए इस हमले के दौरान जोरदार धमाकों और लगातार फायरिंग की आवाजें सुनी गईं, जिससे राजधानी में दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के आसपास गोलियां चलते और विस्फोट होते देखे जा सकते हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि

सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों को खदेड़ दिया। गिरफ्तार किए गए ज्यादातर हमलावर घायल अवस्था में हैं। विश्लेषकों का मानना है कि हमलावरों का मुख्य लक्ष्य एयर फोर्स बेस पर तैनात ड्रोन को नष्ट करना था। नाइजर ने हाल के महीनों में जिहादी संगठनों के खिलाफ अभियान तेज करने के लिए कई सैन्य ड्रोन खरीदे हैं, जिन्हें अब संघर्ष में “गेम चेंजर” माना जा रहा है।

एयरपोर्ट पर खड़े एक यात्रियों को पहुंची नुकसान

इस हमले में एयरपोर्ट पर खड़े एक यात्री विमान को भी नुकसान पहुंचा है। पश्चिम अफ्रीकी एयरलाइन एयर कोटे डी आइवर ने पुष्टि की कि उसके एक विमान के धड़ और दाहिने पंख में गोलियां लगी हैं, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। घटना के बाद एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि नाइजर लंबे समय से जिहादी हिंसा से जूझ रहा है। साहेल क्षेत्र में सक्रिय अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े संगठन लगातार हमलों को अंजाम दे रहे हैं। 2023 के तख्तापलट के बाद से देश की सुरक्षा स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है, जिससे क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ती जा रही है।

Share This Article