Hormuz Island in Iran: ईरान का होर्मुज आइलैंड, जहां लोग रोटी के साथ मिट्टी भी खाते हैं

2 Min Read

Hormuz Island in Iran

तेहरान, एजेंसियां। ईरान के दक्षिण में फारस की खाड़ी में स्थित होर्मुज आइलैंड अपनी अनोखी लाल मिट्टी और रंग-बिरंगे प्राकृतिक दृश्यों के लिए जाना जाता है। इस द्वीप की सबसे बड़ी खासियत इसकी मिट्टी है, जिसे स्थानीय लोग “गेलक” कहते हैं और रोटी, मछली और स्थानीय सॉस के साथ खाने में इस्तेमाल करते हैं। गेलक मिट्टी में आयरन ऑक्साइड और अन्य खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे इसका रंग गहरा लाल दिखाई देता है और यह हल्का नमकीन व थोड़ा मीठा स्वाद देती है।

स्थानीय लोगों का मानना

स्थानीय लोग मानते हैं कि सीमित मात्रा में इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह नहीं है और यह पारंपरिक खानपान का हिस्सा है। होर्मुज आइलैंड को “रेनबो आइलैंड” भी कहा जाता है, क्योंकि यहां की मिट्टी और पहाड़ों में 70 से अधिक प्राकृतिक रंग पाए जाते हैं। समुद्र की लहरों के टकराने पर पानी भी लाल रंग का नजर आता है, जो बेहद दुर्लभ और आकर्षक दृश्य बनाता है।

भूवैज्ञानिक दृष्टि से संवेदनशील इस इलाके में सरकार और स्थानीय प्रशासन ने मिट्टी और पत्थर बाहर ले जाने पर रोक लगा रखी है। पर्यटकों को भी निर्देश दिए जाते हैं कि वे प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान न पहुंचाएं, ताकि यह अनोखी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रहे।

Share This Article