Utah child murder case
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपनी 9 साल की बेटी की हत्या का आरोप लगा है। सांता बारबरा काउंटी के शेरिफ-कोरोनर बिल ब्राउन के अनुसार, 40 वर्षीय एशली बजर्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि उसने अपनी बेटी मेलोडी बजर्ड की गोली मारकर हत्या की। बच्ची के शव के अवशेष यूटा के एक ग्रामीण इलाके में मिले थे।
यूटा में मिला शव, सिर में गोली लगने से मौत
अधिकारियों के मुताबिक, 6 दिसंबर को यूटा के स्टेट रूट 24 के पास एक ग्रामीण क्षेत्र में मेलोडी बजर्ड के अवशेष मिले। वहां तस्वीरें ले रहे एक दंपती ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। शुरुआती जांच में पहचान तुरंत नहीं हो पाई, लेकिन फोरेंसिक जांच में सामने आया कि बच्ची की मौत सिर में गोली लगने से हुई थी। घटनास्थल से मिले बुलेट कार्ट्रिज का मिलान एशली बजर्ड के घर से मिले इस्तेमाल किए गए कार्ट्रिज केस से हुआ, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।
कई राज्यों की यात्रा, पहचान छिपाने की कोशिश
शेरिफ कार्यालय के अनुसार, एशली बजर्ड 7 अक्टूबर को अपनी बेटी के साथ कैलिफोर्निया से निकली थी। वह किराए की सफेद 2024 शेवरले मालिबू कार से नेवादा, एरिजोना और यूटा होते हुए नेब्रास्का तक गई और वापसी में कंसास से होकर लौटी। मेलोडी को आखिरी बार 9 अक्टूबर को कोलोराडो-यूटा सीमा के पास एक वीडियो सर्विलांस कैमरे में देखा गया था।
विग और बदले हुलिए से बचने की कोशिश
जांच में सामने आया कि मां और बेटी ने यात्रा के दौरान अपना हुलिया बदला। रेंटल कार कार्यालय के सीसीटीवी में बच्ची हुड वाली स्वेटशर्ट और विग पहने दिखी, जबकि मां भी अलग-अलग विग का इस्तेमाल कर रही थी। आरोप है कि पहचान छिपाने के लिए कार की लाइसेंस प्लेट भी बदली गई।
मकसद अब तक अज्ञात
शेरिफ बिल ब्राउन ने इस अपराध को “सोचा-समझा और बेरहमी से किया गया” बताया है। एशली बजर्ड फिलहाल बिना जमानत जेल में है। हत्या के पीछे का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।







