मोदी बोले- मैंने पुतिन से आंख मिलाकर कहा, यह युद्ध का समय नहीं [Modi said – I made eye contact with Putin and said, this is not the time for war]

2 Min Read

जेलेंस्की को भारत आने का न्योता

कीव, एजेंसियां। रूस और यूक्रेन में ढाई साल से जारी जंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन पहुंचे।

यहां राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ बैठक में मोदी ने कहा, भारत हमेशा से शांति के पक्ष में रहा है।

मैं कुछ दिन पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिला था। तब मैंने मीडिया के सामने उनकी आंख से आंख मिलाकर कहा था कि यह युद्ध का समय नहीं है।

मोदी-जेलेंस्की के बीच 3 घंटे बैठक, 4 समझौतों पर साइन

मोदी और जेलेंस्की के बीच यूक्रेन के मैरिंस्की पैलेस में करीब 3 घंटे बैठक हुई। बैठक में दोनों देशों के बीच कृषि, चिकित्सा, संस्कृति और मानवीय सहायता में सहयोग के लिए कुल चार समझौते हुए हैं।

बैठक के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दोनों नेताओं ने भारत के रूस से तेल खरीदने पर भी बात की।

इससे पहले मोदी जेलेंस्की के साथ यूक्रेन नेशनल म्यूजियम पहुंचे, जहां उन्होंने जंग में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि दी।

मोदी यूक्रेन पहुंचने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री

1991 में सोवियत संघ के टूटने के बाद यूक्रेन की स्थापना हुई थी। तब से लेकर आज तक कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन नहीं गया था।

नरेंद्र मोदी यूक्रेन दौरे पर जाने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। PM मोदी और जेलेंस्की के बीच ये चौथी मुलाकात थी।

पहली बार दोनों नेता नवंबर 2021 में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में COP26 जलवायु सम्मेलन में मिले थे।

इसके बाद दोनों मई 2023 में जापान के हिरोशिमा में G7 शिखर सम्मेलन में मिले। 14 जून 2024 को इटली में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भी मुलाकात हुई थी।

इसे भी पढ़ें

यूक्रेन में PM मोदी ने जेलेंस्की को गले लगाया, दोनों ने 3 घंटे बैठक की, मोदी ने जंग में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि दी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं