Mexico cartel leadership claim: मेक्सिको में CJNG की कमान पर नया दावा, ‘एल योगर्ट’ ने खुद को बताया अगला बॉस

3 Min Read

Mexico cartel leadership claim:

मेक्सिको, एजेंसियां। दुनिया के कुख्यात ड्रग कार्टेल Jalisco New Generation Cartel (CJNG) के सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वंटेस उर्फ ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद संगठन में सत्ता संघर्ष तेज हो गया है। इसी बीच 29 वर्षीय अब्राहम जीसूस एम्ब्रिज कानो, जो ‘एल योगर्ट’ के नाम से जाना जाता है, ने खुद को कार्टेल का नया प्रमुख घोषित कर दिया है। उसने एक वीडियो जारी कर यह दावा किया, जिसमें उसके पीछे हथियारबंद लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं।

सेना के ऑपरेशन में मारा गया एल मेंचो

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेक्सिकन सेना ने जालिस्को राज्य के तपालपा इलाके में विशेष अभियान चलाया था। इसी दौरान लंबे समय से वांछित एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। 59 वर्षीय एल मेंचो पूर्व पुलिस अधिकारी था, जो बाद में देश के सबसे शक्तिशाली ड्रग माफियाओं में शामिल हो गया। अमेरिका ने उसके सिर पर 15 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया था।

CJNG फेंटेनिल, कोकीन और मेथ जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी में प्रमुख भूमिका निभाता रहा है और मेक्सिको के सबसे प्रभावशाली आपराधिक संगठनों में गिना जाता है।

कौन है ‘एल योगर्ट’?

एल योगर्ट मूल रूप से मिचोआकान का रहने वाला है। वह पहले ‘लोस वियाग्रास’ नामक प्रतिद्वंद्वी समूह से जुड़ा था, लेकिन 2022 में उसने CJNG का दामन थाम लिया। वह ‘फुएर्जास एस्पेशियल्स मेंचो’ (FEM) की एक शाखा ‘ऑपरेटिवा योगर्ट’ का कमांडर बताया जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने पूर्व कोलंबियाई और ग्वाटेमाला के सैन्य कर्मियों को भर्ती कर एक प्रशिक्षित अर्धसैनिक इकाई तैयार की है।

बढ़ सकती है हिंसा

एल मेंचो की मौत के बाद कार्टेल के भीतर नेतृत्व को लेकर कई दावेदार सामने आए हैं। उसके बेटे ‘एल मेंचिटो’ अमेरिका की जेल में हैं, जबकि अन्य नाम भी चर्चा में हैं। ऐसे में एल योगर्ट का खुद को ‘एल जेफे’ घोषित करना आंतरिक टकराव को बढ़ा सकता है।मेक्सिको के कई हिस्सों में हिंसा, आगजनी और सड़क अवरोध की घटनाएं बढ़ी हैं। सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। विश्लेषकों का मानना है कि नेतृत्व परिवर्तन के इस दौर में CJNG की गतिविधियां और उग्र हो सकती हैं।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कार्टेल के सभी गुट एल योगर्ट के नेतृत्व को स्वीकार करेंगे या नहीं। आने वाले दिनों में मेक्सिको की सुरक्षा स्थिति किस दिशा में जाएगी, इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

Share This Article