Melania Trump documentary:
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी और पूर्व फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘मेलानिया’ ब्रिटेन में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई है। भारी-भरकम बजट और बड़े स्तर पर प्रमोशन के बावजूद यह डॉक्यूमेंट्री दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में पूरी तरह नाकाम रही। हालात इतने खराब रहे कि लंदन में प्रीमियर शो के लिए महज एक टिकट ही बिक पाया, जबकि कई स्क्रीनिंग्स पूरी तरह खाली रहीं।
भारी निवेश, लेकिन फीकी शुरुआत
यह डॉक्यूमेंट्री अमेजन MGM स्टूडियोज द्वारा निर्मित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टूडियो ने इसके राइट्स के लिए करीब 40 मिलियन डॉलर (लगभग 340 करोड़ रुपये) खर्च किए, वहीं प्रमोशन पर अतिरिक्त 35 मिलियन डॉलर (करीब 300 करोड़ रुपये) लगाए गए। इसके बावजूद ब्रिटेन में ओपनिंग बेहद निराशाजनक रही। शाम 6 बजे के एक शो में सिर्फ दो टिकट बिके, जबकि कई शहरों में एडवांस बुकिंग शून्य रही।
ट्रंप के दावे पर फिरा पानी
डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन ब्रेट रैटनर ने किया है और मेलानिया ट्रंप खुद इसकी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में डोनाल्ड ट्रंप की 2025 में दोबारा चुनाव जीतने के बाद के 20 दिनों की झलक दिखाई गई है, जिसमें व्हाइट हाउस वापसी, डिप्लोमैटिक गतिविधियां और निजी जीवन के दृश्य शामिल हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इसे “Must Watch” बताते हुए टिकटों के तेजी से बिकने का दावा किया था, लेकिन ब्रिटेन में नतीजे इसके उलट निकले।
सिनेमाघरों और सोशल मीडिया पर ठंडा रिस्पॉन्स
Vue सिनेमा चेन के सीईओ टिम रिचर्ड्स के अनुसार, यूके में फिल्म को लेकर दर्शकों में खास उत्साह नहीं दिखा। कई सिनेमाघरों को फिल्म दिखाने के फैसले पर विरोध भरे ईमेल भी मिले। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस डॉक्यूमेंट्री को “Embarrassing Flop” बता रहे हैं और मजाक उड़ाया जा रहा है कि आखिर वह एक टिकट किसने खरीदा।
आगे क्या?
अमेजन की योजना इसे आगे चलकर प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम करने की है, लेकिन थिएटर रिलीज की कमजोर शुरुआत ने निवेश पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुल मिलाकर, ब्रिटेन में मेलानिया ट्रंप की यह डॉक्यूमेंट्री ट्रंप परिवार के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।








