Macron Davos sunglasses: दावोस में मैक्रों के सनग्लास ने बदली किस्मत, iVision Tech के शेयरों में जबरदस्त उछाल

3 Min Read

Macron Davos sunglasses:

दावोस, एजेंसियां। स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की सालाना बैठक के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने अनोखे अंदाज़ को लेकर सुर्खियों में आ गए। इस वैश्विक मंच पर जहां दुनिया भर के नेता आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे, वहीं मैक्रों का मिरर ब्लू सनग्लास लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उनके इस लुक का असर सिर्फ इंटरनेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शेयर बाजार में भी साफ दिखाई दिया।दरअसल, मैक्रों जिस सनग्लास को पहने नजर आए, वह फ्रांस की लग्जरी आईवियर कंपनी iVision Tech के तहत आने वाले ब्रांड ‘हेनरी जुलियन’ का था। गुरुवार को जैसे ही यह जानकारी सामने आई, कंपनी के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। एक ही दिन में iVision Tech के शेयर करीब 28 फीसदी तक उछल गए।

कंपनी की ओर से क्या बताया गया?

कंपनी की ओर से बताया गया कि राष्ट्रपति मैक्रों ने ‘हेनरी जुलियन’ का S 01 मॉडल पहना था, जिसकी कीमत कंपनी की वेबसाइट पर लगभग 650 यूरो बताई गई है। iVision Tech के सीईओ स्टीफेनो फुलचिर ने स्वीकार किया कि मैक्रों के इस लुक ने निवेशकों का ध्यान कंपनी की ओर खींचा, जिससे शेयरों में अचानक तेजी आई।इस उछाल के बाद कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन में करीब 3.5 मिलियन यूरो, यानी लगभग 28 से 38 करोड़ रुपये तक का इजाफा हुआ। सीईओ ने यह भी दावा किया कि उन्होंने साल 2024 में खुद राष्ट्रपति मैक्रों को यह सनग्लास भेजा था।

मैक्रों के ऑफिस की ओर से दी सफाई

हालांकि, मैक्रों के ऑफिस की ओर से सफाई दी गई कि राष्ट्रपति ने यह चश्मा किसी फैशन स्टेटमेंट के लिए नहीं, बल्कि मेडिकल कारणों से पहना था। बताया गया कि उनकी आंख की एक नस फट गई थी, जिस वजह से उन्हें सनग्लास पहनना पड़ा।इसके बावजूद, यह घटना दिखाती है कि किसी बड़े वैश्विक नेता का एक छोटा सा लुक या फैशन मोमेंट भी शेयर बाजार में करोड़ों की हलचल पैदा कर सकता है।

Share This Article