Khaleda Zia health update:
ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश की राजनीति के लिए यह बेहद चिंताजनक समय है। पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष खालिदा ज़िया की सेहत लगातार गंभीर बनी हुई है। 80 वर्षीय ज़िया को 23 नवंबर को छाती में गंभीर संक्रमण होने पर ढाका के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। संक्रमण का असर दिल और फेफड़ों तक पहुंच चुका है। हालत बिगड़ने पर उन्हें कुछ दिनों बाद सीसीयू (Coronary Care Unit) में शिफ्ट किया गया।
बीएनपी नेताओं के मुताबिक:
बीएनपी नेताओं के मुताबिक, उनकी सेहत में कोई खास सुधार नहीं है, हालांकि स्थिति और खराब भी नहीं हुई है। बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रुहुल कबीर रिज़वी ने बताया कि डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक विदेश में इलाज की अनुमति या सलाह नहीं मिली है। दूसरी ओर, पार्टी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने भी कहा कि डॉक्टरों ने पहले विदेश में इलाज की संभावना बताई थी, लेकिन फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति विदेश यात्रा के योग्य नहीं है।
कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित:
खालिदा ज़िया पहले से ही कई गंभीर बीमारियों जिगर और किडनी की समस्या, मधुमेह, गठिया और आंखों की बीमारी से जूझ रही हैं। इस साल वह लंदन से भारत के रास्ते बांग्लादेश लौटी थीं, जहां उन्होंने लगभग चार महीने उन्नत चिकित्सा उपचार लिया था। बीएनपी ने लोगों से अपील की है कि वे खालिदा ज़िया की सेहत के लिए दुआ और प्रार्थना करें। यह स्थिति उस समय सामने आई है जब बांग्लादेश में फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है, और विपक्ष की इस शीर्ष नेता की बिगड़ी सेहत राजनीतिक परिदृश्य पर बड़ा असर डाल सकती है।



