Japan expressway accident: जापान में एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 50 से ज्यादा वाहन टकराए; आग लगने से एक महिला की मौत, 26 घायल

3 Min Read

Japan expressway accident

टोक्यो, एजेंसियां। जापान में साल के अंत और नए साल की छुट्टियों की शुरुआत के बीच एक भयावह सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार देर रात बर्फ से ढके एक्सप्रेसवे पर 50 से अधिक वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना गुनमा प्रांत के मिनाकामी शहर के पास एक्सप्रेसवे पर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सबसे पहले दो भारी ट्रकों की टक्कर हुई, जिससे सड़क पर अचानक जाम लग गया। पीछे से आ रहे वाहन बर्फीली और फिसलन भरी सड़क पर समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके और एक के बाद एक गाड़ियां टकराती चली गईं।

कुछ ही पलों में यह हादसा बड़े चेन एक्सीडेंट में बदल गया। हादसे के अंतिम चरण में स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब कई वाहनों में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को अपनी चपेट में लेती चली गई। दमकल विभाग को आग पर काबू पाने में करीब सात घंटे का समय लगा। कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसे में टोक्यो की रहने वाली 77 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 26 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सरकारी प्रसारक NHK के अनुसार

सरकारी प्रसारक NHK के अनुसार, हादसे के बाद निगाता प्रांत के युजावा इंटरचेंज और गुनमा प्रांत के त्सुकियोनो इंटरचेंज के बीच एक्सप्रेसवे को दोनों दिशाओं से बंद कर दिया गया। सड़क पर फैले मलबे, जले हुए वाहनों को हटाने और जांच पूरी होने तक यातायात बहाल नहीं हो सका है। हादसे में फंसे एक 60 वर्षीय ट्रक चालक ने बताया कि सामने चल रही कार को बचाने के लिए उसे अचानक स्टेयरिंग मोड़नी पड़ी, जिससे उसका ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। उसके मुताबिक पीछे से लगातार टक्करों की तेज आवाजें आ रही थीं और बर्फ के कारण वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना लगभग नामुमकिन हो गया था।

Share This Article