Earthquake in Japan
टोक्यो, एजेंसियां। जापान में शुक्रवार सुबह एक बार फिर तेज भूकंप के झटकों से दहशत फैल गई। भारतीय समय के अनुसार सुबह 8:14 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.7 मापी गई। झटके महसूस होने के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने देश के पूर्वोत्तर इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। अभी तक किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के मुताबिक भूकंप समुद्र के नजदीक आया और इसकी गहराई लगभग 10.7 किलोमीटर बताई जा रही है। जोरदार झटकों के कारण तटीय इलाकों से लेकर अंदरूनी क्षेत्रों तक धरती हिल गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। सुनामी चेतावनी के तहत लगभग एक मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। तटीय इलाकों में दोपहर तक लगातार अलर्ट जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी जापान में भूकंप से दहशत
यह भी बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में जापान कई भूकंप झेल चुका है। सोमवार को आए 7.6 की तीव्रता वाले शक्तिशाली भूकंप में 50 से अधिक लोग घायल हुए थे और समुद्र में हल्की सुनामी भी दर्ज की गई थी। उसके अगले दिन होंचो शहर में 6.7 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे, जबकि बुधवार को आओमोरी और होक्काइडो क्षेत्रों में 6.5 तीव्रता का भूकंप आया था।
अब शुक्रवार को फिर से 6.7 तीव्रता का भूकंप आने से लगातार तीसरे दिन लोगों ने धरती को हिलते महसूस किया। जापान में जारी भूकंपों की इस श्रृंखला ने स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।







