Israel operation:
तेल अवीव, एजेंसियां। इजरायली सेना ने गाजा शहर में कब्जे के लिए सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि इजरायली सैनिक गाजा के जिटौन और जबालिया इलाकों में ज़मीन पर व्यापक सैन्य गतिविधियों की तैयारी में जुटे हैं। यह कदम इजरायल की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह गाजा शहर पर कब्जा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह सैन्य अभियान ऐसे समय में शुरू किया गया है, जब गाजा पहले से ही भीषण मानवीय संकट से गुजर रहा है और लाखों लोगों को विस्थापित होने का खतरा मंडरा रहा है।
60,000 रिजर्व सैनिक लगाये जायेंगेः
इससे एक दिन पहले, इजरायल के रक्षा मंत्री ने गाजा शहर को नियंत्रण में लेने की योजना को औपचारिक मंजूरी दी थी। यह प्रस्ताव सप्ताहांत में सुरक्षा कैबिनेट के समक्ष पेश किया जाएगा। इसी योजना को लागू करने के लिए सितंबर की शुरुआत से करीब 60,000 रिजर्व सैनिकों को सक्रिय ड्यूटी पर बुलाने की तैयारी है। एएफपी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने 20 अगस्त को इस बात की पुष्टि की।
हमास का आरोप और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाः
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, हमास ने इजरायल पर निर्दोष नागरिकों के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने और संघर्ष विराम की दिशा में चल रही बातचीत को नष्ट करने का आरोप लगाया है। इस ऑपरेशन के चलते आशंका है कि गाजा शहर में रहने वाले हजारों फिलिस्तीनी नागरिकों को अपना घर छोड़ दक्षिणी गाजा में बनाए गए शिविरों की ओर पलायन करना पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें








