Iran airspace closed
नई दिल्ली/तेहरान,एजेंसियां। ईरान में लगातार बिगड़ते हालात के बीच देश ने अपने एयरस्पेस को व्यावसायिक विमानों के लिए बंद कर दिया है। 18 दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन और अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई की चर्चा के बीच यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से उठाया गया है। इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है और कई एयरलाइंस ने यात्रियों को एडवाइजरी जारी की है।
एअर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी
एअर इंडिया ने गुरुवार को यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। एयरलाइन ने कहा कि ईरान का एयरस्पेस बंद होने के कारण उनकी उड़ानें अब वैकल्पिक रूट से जा रही हैं। इस वजह से कुछ उड़ानों में देरी हो सकती है, जबकि जिन उड़ानों का रूट बदलना संभव नहीं था, उन्हें रद्द कर दिया गया है। एअर इंडिया ने यात्रियों से कहा कि वे फ्लाइट स्टेटस चेक करके एयरपोर्ट जाएं। एयरलाइन ने अपने पोस्ट में लिखा, “हम इस अप्रत्याशित रुकावट के कारण हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”
इंडिगो ने भी यात्रियों को सलाह दी
इंडिगो एयरलाइंस ने भी इस बदलाव के बारे में यात्रियों को सूचित किया। एयरलाइन ने कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर इसका असर हुआ है और इसे अपने नियंत्रण से बाहर बताया। प्रभावित यात्रियों को माफी मांगते हुए इंडिगो ने वैकल्पिक रीबुकिंग विकल्पों की जानकारी दी और उन्हें अपनी वेबसाइट पर जाने की सलाह दी।
सुरक्षा सर्वोपरि
ईरान में हिंसक विरोध और बढ़ते तनाव के कारण यह कदम यात्रियों और एयरलाइन क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षा उपाय जारी रहेंगे।इस स्थिति के कारण भारत और ईरान के बीच उड़ानों में असुविधा हो रही है, लेकिन एयरलाइंस यात्रियों के हित में हर संभव कदम उठा रही हैं।








