मुझे अपनी भारतीय जड़ों पर बेहद गर्व : सुनक

4 Min Read

नयी दिल्ली : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अपने भारतीय सास-ससुर के साथ खाने की मेज पर क्या चर्चा करते हैं? भारतीय राजनीति या ब्रिटेन के शासन की चुनौतियां? इनमें से कोई नहीं; जवाब है- क्रिकेट। उन्होंने कहा, ‘मुझे अपनी भारतीय जड़ों और भारत से अपने संबंधों पर काफी गर्व है। जैसा कि आप जानते हैं, मेरी पत्नी भारतीय हैं और एक गौरवान्वित हिंदू होने का अर्थ है कि भारत और भारत के लोगों से मेरा हमेशा जुड़ाव रहेगा।

’कंजर्वेटिव पार्टी के 43 वर्षीय नेता सुनक पहली बार 2015 में सांसद चुने गए थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने फरवरी 2020 में उन्हें वित्त मंत्री नियुक्त किया था। ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति सुनक ने कहा, “प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने जो पहला काम किया, वह डाउनिंग स्ट्रीट (प्रधानमंत्री निवास एवं कार्यालय) में दिवाली पर विशेष समारोह का आयोजन था। मुझे कई ब्रिटिश भारतीयों का स्वागत करने का मौका मिला और पूरी इमारत को रोशनी तथा फूलों से सजा देखना मेरे लिए भावनात्मक तथा गौरवपूर्ण क्षण था।’’

उन्होंने कहा, “मेरी कहानी ब्रिटेन में ऐसे कई लोगों की कहानी है जिनका भारत से गहरा और स्थायी नाता है। हमारे देश की ताकत इसकी विविधता में है तथा प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने इसे कई बार प्रत्यक्ष रूप से महसूस भी किया है।” उनसे सवाल किया गया था कि जब आप अपने सास-ससुर के साथ बैठते हैं, तो क्या आप उनके साथ भारतीय राजनीति, प्रौद्योगिकी या उन समस्याओं पर बातचीत करते हैं जिनका सामना आप ब्रिटेन का शासन संभालने में करते हैं?

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने सास-ससुर और उन्होंने जो हासिल किया है, उस पर काफी गर्व है – उन्होंने साधारण स्तर से शुरूआत कर ऐसी कंपनी बनाई जो दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे सम्मानित कंपनियों में से एक है, जो भारत और ब्रिटेन दोनों देशों में हजारों लोगों को रोजगार देती है। मैं एक ऐसे देश का निर्माण और नेतृत्व करना चाहता हूं जहां हर कोई वैसी सफलता का अनुकरण कर सके जो उन्हें मिली है।’’ सुनक ने कहा, “जी20 बैठक सम्मेलन के लिए अक्षता के साथ भारत की यात्रा करना रोमांचक है, और उम्मीद है कि हमें वैसे कुछ स्थानों पर जाने का मौका मिलेगा जहां हम युवावस्था में गए थे – हालांकि पूरी यात्रा में हम काफी व्यस्त रहेंगे! ”

उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने और इस बात पर विचार-विमर्श करने के लिए उत्सुक हैं कि भारत और ब्रिटेन के बीच सहयोग से विभिन्न वैश्विक चुनौतियों से निपटने में कैसे मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा, ‘पिछले साल भारत का दौरा करने वाले मेरे मंत्रिमंडलीय सहयोगी ब्रिटेन-भारत साझेदारी को लेकर नए उत्साह के साथ लौटे थे।’

सुनक ने कहा, ‘इस सप्ताह, जब मैं पुन: प्रधानमंत्री मोदी से मिलूंगा तो यह उन कुछ वैश्विक चुनौतियों के संबंध में चर्चा करने का अवसर होगा जिनका हम सामना कर रहे हैं और उनके समाधान में ब्रिटेन एवं भारत को कितनी अहम भूमिका निभानी है।’

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं