Homes Fire in Bangladesh: आधी रात हिंदू घरों में लगा दी आग, अल्पसंख्यकों पर खौफनाक हमला

2 Min Read

Homes Fire in Bangladesh

ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक और मामला पिरोजपुर जिले के डुमरीतला गांव से सामने आयी हैं, जहां एक बार फिर वहां धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 27 दिसंबर की आधी रात के बाद सुनियोजित तरीके से उपद्रवियों ने साहा परिवार के 5–6 घरों को घेर लिया। हमलावरों ने पहले घरों के कमरों में कपड़े और ज्वलनशील सामान ठूंसकर आग लगाई और फिर बाहर से दरवाजों पर ताले लगा दिए, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें।

घरों में अफरा-तफरी

आग की लपटों से घरों में अफरा-तफरी मच गई। उस वक्त दो घरों में कुल आठ लोग सो रहे थे, जो अचानक धुएं और आग से घिर गए। हालात की गंभीरता को समझते हुए परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाई और टिन की चादरों व बांस की बाड़ को काटकर किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे। हालांकि सभी की जान बच गई, लेकिन घर और उसमें रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

परिवार गहरे सदमे और दहशत में

घटना के बाद साहा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। डर के कारण वे मीडिया के सामने खुलकर बोलने से बच रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पिरोजपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मंजूर अहमद सिद्दीकी ने घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ितों को न्याय का भरोसा दिलाया। अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोग आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।

Share This Article