Kathmandu airport:
काठमांडू, एजेंसियां। नेपाल में लगातार हो रहे हिंसक प्रदर्शनों और तनावपूर्ण हालात के बीच गुरुवार शाम से काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा फिर से शुरू हो गया। लगभग 24 घंटे बंद रहने के बाद उड़ान सेवाएं बहाल हुईं और बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक अपने-अपने घर लौटने लगे। आंध्र प्रदेश के 144 नागरिकों को विशेष विमान से विशाखापत्तनम और तिरुपति लाया गया। 154 और पर्यटकों को बोर्डिंग पास जारी किया गया है, जो जल्द ही भारत पहुंचेंगे। पश्चिम बंगाल सीमा से भी मजदूरों और फैक्ट्री कर्मचारियों की वापसी जारी है।
नेपाल में तनावपूर्ण हालात
काठमांडू, ललितपुर और भक्तपुर में कर्फ्यू लागू है। सेना लगातार गश्त कर रही है और लोगों की कड़ी जांच की जा रही है। कर्फ्यू में कुछ घंटों की ढील मिलने पर लोग जरूरी सामान खरीदने निकले, लेकिन सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। तनाव के बीच गुरुवार को काठमांडू की एक जेल से कैदियों ने भागने की कोशिश की। सेना की कार्रवाई में तीन कैदियों की मौत हो गई। इसके बाद जेलों की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
सोशल मीडिया बैन के खिलाफ जनता प्रदर्शन
बता दें भ्रष्टाचार, महंगाई और सोशल मीडिया बैन के खिलाफ जनता प्रदर्शन कर रही है। सोमवार और मंगलवार को प्रदर्शन हिंसक हो गए थे, जिसके बाद सेना को सड़कों पर उतरना पड़ा। भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारत लौटे यात्रियों ने कहा कि वे अब अपने परिवारों के साथ सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। काठमांडू एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी भारतीय सुरक्षित वतन लौट पाएंगे। हालांकि नेपाल में सामान्य स्थिति बहाल होने में अभी समय लग सकता है।
इसे भी पढ़ें
पशुपतिनाथ मंदिर: हजारों साल पुराना शिवधाम, मृत्यु भी बनती है मोक्ष का मार्ग








