Melania Trump documentary:
वॉशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी डॉक्यूमेंट्री “MELANIA” बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई है, लेकिन इसके बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसके प्रमोशन में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हाल ही में ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट साझा कर इस फिल्म की जमकर तारीफ की और लोगों से इसे देखने की अपील की।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “कल रात मैंने ‘MELANIA’ डॉक्यूमेंट्री दूसरी बार देखी। दर्शकों को यह बहुत पसंद आई और मुझे भी। यह एकदम मस्ट सी फिल्म है, आप भी जरूर देखें।” ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब फिल्म को दर्शकों और आलोचकों से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन में इस डॉक्यूमेंट्री को देखने के लिए केवल एक टिकट बिका, जबकि अमेरिका में भी थिएटरों में दर्शकों की संख्या बेहद कम रही। कमजोर ओपनिंग और निगेटिव रिव्यू के चलते इसे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप माना जा रहा है। इसके बावजूद ट्रंप लगातार फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं, जिससे राजनीतिक और मीडिया हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
यह डॉक्यूमेंट्री मशहूर फिल्ममेकर ब्रेट रैटनर ने बनाया
यह डॉक्यूमेंट्री मशहूर फिल्ममेकर ब्रेट रैटनर द्वारा निर्देशित है और इसे Amazon MGM Studios ने रिलीज किया है। फिल्म मेलानिया ट्रंप के जीवन, उनके फर्स्ट लेडी बनने की यात्रा और 2025 में ट्रंप के राष्ट्रपति पद के उद्घाटन से पहले के 20 दिनों पर केंद्रित है। इसमें व्हाइट हाउस ट्रांजिशन, निजी बैठकों और पारिवारिक पलों के अनदेखे फुटेज शामिल किए गए हैं।हालांकि कुछ समर्थकों ने इसे मेलानिया की शालीनता और व्यक्तित्व को दिखाने वाली प्रेरणादायक फिल्म बताया है, लेकिन आलोचकों ने इसे करीब 75 मिलियन डॉलर की लागत वाली “वैनिटी डॉक्यूमेंट्री” करार दिया है। रॉटेन टोमेटोज पर भी इसका स्कोर खासा निराशाजनक रहा है।
कुल मिलाकर, दर्शकों की बेरुखी के बावजूद ट्रंप का फिल्म के प्रति उत्साह साफ दिखता है और वे इसे एक यादगार और जरूरी फिल्म साबित करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।








