Spring Festival accident China:
बीजिंग, एजेंसियां। चीन में लूनर न्यू ईयर से ठीक पहले एक दर्दनाक हादसे ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया। पूर्वी चीन के जिआंगसु प्रांत के डोंगहाई काउंटी स्थित एक गांव में पटाखों की दुकान में जोरदार धमाका हो गया, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। दो अन्य लोग मामूली रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज चल रहा है।स्थानीय प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति दुकान के पास गलत तरीके से पटाखे जला रहा था, जिससे विस्फोट हुआ और आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और राहत टीमों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
उत्सव से पहले बढ़ जाती है पटाखों की बिक्री
चीन में लूनर न्यू ईयर, जिसे स्प्रिंग फेस्टिवल भी कहा जाता है, बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर पटाखे जलाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। त्योहार के दौरान आतिशबाजी को बुरी शक्तियों को दूर भगाने और सौभाग्य लाने का प्रतीक माना जाता है।हालांकि, हाल के वर्षों में वायु प्रदूषण और सुरक्षा कारणों से कई शहरों में पटाखों पर आंशिक या पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद त्योहार से पहले पटाखों की बिक्री में तेज बढ़ोतरी देखी जाती है। इसी बढ़ी हुई मांग के बीच सुरक्षा मानकों में लापरवाही कभी-कभी ऐसे हादसों का कारण बन जाती है।
आपात प्रबंधन मंत्रालय की सख्त चेतावनी
घटना के बाद चीन के आपात प्रबंधन मंत्रालय ने सभी प्रांतों और स्थानीय प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि पटाखों के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, बिक्री और उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जाए। दुकानों के आसपास पटाखे जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
लूनर न्यू ईयर का महत्व
चीन में लूनर न्यू ईयर साल का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण त्योहार है। इस दौरान लोग लंबी छुट्टी लेकर अपने घर लौटते हैं और परिवार के साथ समय बिताते हैं। ऐसे में यह हादसा न केवल प्रभावित परिवारों के लिए, बल्कि पूरे समुदाय के लिए गहरा आघात है।प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और कड़ा करने की बात कही है।











