Bangladesh Violence Live: बांग्लादेश हिंसा में एक पत्रकार की मौत, पुलिसकर्मी समेत 4 घायल

3 Min Read

Bangladesh Violence Live:

ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश में ‘जुलाई विद्रोह’ के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। देश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन, आगजनी और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। शुक्रवार को खुलना में एक वरिष्ठ पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि चटगांव में हिंसा के दौरान दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोग घायल हो गए। बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने बांग्लादेश में रह रहे भारतीय नागरिकों और छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस के अनुसार

खुलना में पत्रकार इमदादुल हक मिलन की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मिलन शालुआ प्रेस क्लब के अध्यक्ष थे और घटना के समय शालुआ बाजार की एक चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर फरार हो गए। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्रकार की हत्या से मीडिया जगत में आक्रोश फैल गया है।

वहीं चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग के बाहर प्रदर्शनकारियों ने हिंसा की। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार तड़के प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और कार्यालय परिसर में तोड़फोड़ की, जिसमें दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोग घायल हो गए। इससे पहले ढाका और अन्य शहरों में मीडिया हाउस, सरकारी इमारतों और शेख मुजीबुर्रहमान के आवास पर भी हमले की खबरें सामने आ चुकी हैं।

फिलहाल क्या है स्थिति?

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने एडवाइजरी जारी करते हुए बांग्लादेश में रह रहे भारतीय नागरिकों और छात्रों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, ढाका यूनिवर्सिटी में शेख मुजीबुर्रहमान हॉल का नाम बदलकर ‘शहीद उस्मान हादी हॉल’ कर दिया गया, जिसे लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है।सरकार और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में अस्थिरता लगातार बढ़ती नजर आ रही है।

Share This Article