Tarique Rahman oath: बांग्लादेश में नई सरकार का गठन, तारिक रहमान ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ

2 Min Read

Tarique Rahman oath:

ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश की राजनीति में मंगलवार को नया अध्याय जुड़ गया जब बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति Mohammad सहाबुद्दीन ने ढाका में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हाल ही में हुए आम चुनाव में उनकी पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद यह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।संविधान के अनुसार संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1,200 विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। रहमान 17 वर्षों बाद देश लौटे हैं और 12 फरवरी को हुए चुनाव में बीएनपी को बड़ी जीत दिलाने के बाद प्रधानमंत्री बने हैं।

नए मंत्रिमंडल का गठन

प्रधानमंत्री के साथ ही नए मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली। मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास और सहकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सलाहुद्दीन अहमद को गृह मंत्रालय मिला है। अमीर खसरू महमूद चौधरी को वित्त और योजना मंत्रालय की कमान दी गई है।सबसे ज्यादा चर्चा खलीलुर रहमान को लेकर है। उन्होंने पूर्व अंतरिम शासन के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भूमिका निभाई थी और अब उन्हें विदेश मंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज हैं। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लगभग तय माना जा रहा है।

विपक्ष की भूमिका भी तय

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जमात-ए-इस्लामी के शफीकुर रहमान को संसद में विपक्ष का नेता चुना गया है, जबकि नेशनल सिटिजन्स पार्टी की नाहिद इस्लाम विपक्ष की चीफ व्हिप होंगी।नई सरकार के गठन के साथ ही बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक सुधारों को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान अपने पहले कार्यकाल में किन प्राथमिकताओं पर जोर देते हैं और देश को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

Share This Article