Hindu youth murdered Bangladesh
ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश में मतदान से ठीक पहले एक और हिंदू युवक की हत्या से सनसनी फैल गई है। मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला स्थित चम्पारा चाय बागान के बोरो लाइन सेक्शन से 11 फरवरी की रात 28 वर्षीय रतन शुभ कर का शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और शरीर पर गहरे जख्म थे। युवक खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मजदूर के रूप में काम करता था मृतक
रतन शुभ कर उसी चाय बागान में मजदूर के रूप में काम करते थे। उनके पिता शुकता शुभकर भी वहीं कार्यरत हैं। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। चुनाव से एक दिन पहले हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि अब तक हत्या के पीछे राजनीतिक या सांप्रदायिक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी हो चुकी है हत्या
इससे पहले 9 फरवरी को मयमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला में 62 वर्षीय चावल कारोबारी सुशेन चंद्र सरकार की भी हत्या कर दी गई थी। अज्ञात हमलावरों ने रात करीब 11 बजे उनकी दुकान में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया। हमलावर लाखों टका लूटकर फरार हो गए। शव दुकान के अंदर छोड़कर बाहर से शटर बंद कर दिया गया था। परिवार के लोगों ने देर रात दुकान खोलकर उनका शव बरामद किया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय में चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।








