Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश चुनाव के बीच हिंसा, पोलिंग बूथों पर धमाके से बढ़ा तनाव

2 Min Read

Bangladesh Election 2026

ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी है, लेकिन चुनावी प्रक्रिया के दौरान कई जगहों से हिंसा और झड़प की खबरें सामने आई हैं। गोपालगंज इलाके के एक मतदान केंद्र पर देसी बम विस्फोट होने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों में अंसार के दो सदस्य और एक 13 वर्षीय लड़की शामिल है।

सभी को मामूली चोटें आई हैं और स्थानीय स्तर पर उनका इलाज किया गया।चुनाव के दौरान कुछ अन्य पोलिंग बूथों पर भी तनाव और धमाकों की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं के कारण कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।

धांधली के आरोप और राजनीतिक बयानबाजी

जमात-ए-इस्लामी के एक उम्मीदवार ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए BNP समर्थकों पर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का दावा किया है। हालांकि BNP की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है।नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के प्रवक्ता आसिफ महमूद शोजिब भुइयां ने कहा कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर ज्यादातर मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्वक चल रही है। उन्होंने बताया कि मतदान प्रतिशत अपेक्षा से कम है, लेकिन बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

“दिखावटी और नकली”

इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने चुनाव को “दिखावटी और नकली” बताते हुए इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव प्रक्रिया जारी है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और हिंसा की घटनाओं के बीच अब सभी की नजर मतदान के अंतिम चरण और परिणामों पर टिकी हुई है।

Share This Article