Bangladesh Election
ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के लिए गुरुवार सुबह से मतदान जारी है। देशभर की 299 संसदीय सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 11 बजे (बांग्लादेश समय) तक करीब 14.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, देश के लगभग 32,000 पोलिंग सेंटर्स पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
यह चुनाव शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद पहला आम चुनाव है, इसलिए इसे बेहद अहम माना जा रहा है। इस बार मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात-ए-इस्लामी के बीच है, जबकि अवामी लीग इस चुनावी दौड़ से बाहर है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए करीब नौ लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं। अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक भी मतदान प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरउद्दीन ने ढाका में मतदान करने के बाद कहा कि देश को लोकतंत्र के उत्सव का तोहफा देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनावी व्यवस्था से अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक संतुष्ट हैं।
ढाका में झड़प की खबर
राजधानी ढाका के मीरपुर-10 संसदीय क्षेत्र में बीएनपी और जमात समर्थकों के बीच झड़प की सूचना मिली है। इसी सीट से जमात प्रमुख शफिकुर रहमान चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया।बांग्लादेश की संसद में कुल 350 सीटें हैं, जिनमें से 300 पर सीधे चुनाव होता है। 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिन्हें पार्टियों को आनुपातिक आधार पर आवंटित किया जाता है। इस बार एक उम्मीदवार के निधन के कारण 299 सीटों पर ही मतदान हो रहा है।







