रांची। राजधानी रांची के प्रमुख अस्पताल रिम्स में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। बुधवार की रात इन बच्चों का जन्म हुआ है। चार बच्चों के जन्म से पूरे अस्पताल में खुशी की लहर दौड़ गई है।
हर कोई बच्चों की एक झलक पाना चाहता है। इन बच्चों को जन्म देने वाली मां का नाम ममता देवी है। चारों बच्चे औऱ मां बिल्कुल स्वस्थ हैं। रिम्स में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है।
आइवीएफ तकनीक से गर्भधारण
31 साल की ममता देवी ने आईवीएफ तकनीक की मदद से गर्भ धारण किया था। 7 महीने की गर्भावस्था से वह रिम्स की OBST & GYANE विभागाध्यक्ष डॉ सरिता तिर्की की देखरेख में थीं। ममता पिछले 1 महीने से रिम्स में डॉक्टर शशी बाला सिंह की यूनिट में भर्ती थीं। क्योंकि यह 4 बच्चों का मामला था। इसलिए महीने भर पहले ही उसे एडमिट कर लिया गया था।
एक माह जच्चा और बेच्चों की देखभाल की डॉक्टरों ने
एक माह में डॉ शशी बाला सिंह की यूनिट के सभी डॉक्टर गर्भवती ममता एवं उसके गर्भ में पल रहे चार बच्चों की देखरेख में लगे थे। 15 मार्च को डॉ किरण त्रिवेदी की टीम ने बच्चे का सुरक्षित प्रसव कराया। ऑपरेशन टीम में डॉक्टर किरण त्रिवेदी, डॉक्टर बूलू प्रिया, डॉक्टर शबनम, डॉक्टर विनीता समेत अन्य शामिल थीं।
जच्चा और बच्चे पूरी तरह स्वस्थ
चारों बच्चे बेहद प्यारे और स्वस्थ हैं। पूरी यूनिट में उनकी किलकारी गूंज रही है। पहला बच्चा लड़का है, जो 2 किलो का है। दूसरा बच्चा लड़की है वह भी 2 किलो की है। तीसरा बच्चा लड़का है, जो करीब 1 किलो 400 ग्राम का है। वहीं चौथा बच्चा भी लड़का है जिसका वजन 1 किलो 600 ग्राम के आसपास है।
ममता ने करीब साढ़े तीन साल पहले भी एक बच्चे को जन्म दिया था। उस समय भी आवीएफ की मदद से ही ममता ने गर्भ धारण किया था।
पहले ही पता चल गया था कि गर्भ में 4 बच्चे हैं
ममता बोकारो की रहने वाली हैं। डिलिवरी के बाद भी उनको पूरी सेवा मिल रही है। चार बच्चों के जन्म पर ममता काफी खुश हैं। गर्भधारण के शुरुआती में ही पता चल गया था कि 4 बच्चे गर्भ में पल रहे हैं।
ममता को इसकी जानकारी हुई तो वह खुश हुईं वह बच्चों को इस दुनिया में लाने के लिए तैयार हो गईं थी। फिलहाल जच्चा और चारो बच्चा बिल्कुल स्वस्थ हैं।
अब तो उन्हें धीरे धीरे आईसीयू से निकालकर धीरे-धीरे मां की तरफ शिफ्ट किया जा रहा है।