छेड़छाड़ के आरोपी डॉक्टर के खिलाफ हुई कार्रवाई
रांची। खूंटी जिले के तोरपा रेफरल अस्पताल में हंगामा हुआ है।
यहां एक डॉक्टर ने इलाज कराने आई युवती को कपड़े उतारने को कहा, तो हंगामा हो गया। युवती ने पूरे अस्पताल को सिर पर उठा लिया।
युवती ने डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोपी डॉक्टर का नाम मुकेश कुमार है। बताया जा रहा है कि युवती सीने में अचानक दर्द होने पर जांच कराने अकेले ही अस्पताल पहुंची थी।
वहां एक नर्स ने उसे ओपीडी में डॉक्टर के पास भेज दिया। डॉक्टर के पास जब युवती पहुंची, तो डॉ मुकेश कुमार ने युवती से पूरे कपड़े उतारने को कहे।
युवती ने ऐसा करने से मना किया तो डॉक्टर ने कहा कि जांच के लिए कपड़ा उतारना जरूरी है। युवती ने बताया कि जब उसने मना किया, तो डॉक्टर खुद कपड़ा उतारने का प्रयास करने लगे।
युवती किसी तरह पीछा छुड़ाकर निकलने लगी, तो डॉक्टर उसे पकड़कर अपने कमरे में ले गये। डॉक्टर ने युवती से दूसरे दिन शाम में अकेली कमरे में आने को कहा।
उसने कहा कि अच्छा से इलाज कर देंगे। दिन में मरीजों की भीड़ रहती है। इलाज ठीक से नहीं हो पाएगा। युवती लौटकर घर चली गयी।
उसके पति दूसरे राज्य में नौकरी करते हैं। युवती ने फोन कर पति को सारी बात बताई। मामले की जानकारी मिलते पति तोरपा पहुंच गये।
फिर दोनों अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। युवती 22 साल की है। उसने डॉक्टर मुकेश कुमार पर छेड़छाड़ और अभद्र हरकत करने का आरोप लगाया है।
उसने पति के साथ अस्पताल में आरोपी डॉक्टर को जमकर फटकार लगायी। ओपीडी में आधे घंटे तक हंगामा होता रहा।
आरोपी डॉक्टर बार-बार माफी मांगता रहा। फिर मामले की जानकारी सिविल सर्जन डॉक्टर नागेश्वर मांझी को दी गयी।
सीएस खूंटी से तुरंत तोरपा पहुंचे। पीड़िता ने सीएस को उसके साथ हुई घटना की पूरी जानकारी दी।
पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन ने तत्काल आरोपी डॉक्टर मुकेश कुमार को रेफरल अस्पताल से हटा दिया।
सीएस ने कहा कि महिला ने गंभीर आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाये जाने पर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें
पारा शिक्षकों के लिए खुशखबरी, बिना समंजन भी हो सकेगी वेतन वृद्धि