Weather update in Jharkhand
रांची। झारखंड में इस बार फरवरी का मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। जहां आमतौर पर इस महीने में हल्की ठंड बनी रहती है, वहीं इस साल गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। राजधानी रांची में दोपहर के समय धूप तेज महसूस हो रही है और लोग अब स्वेटर उतारने लगे हैं। हल्की धूप में कुछ देर खड़े रहने पर ही गर्मी का असर महसूस होने लगता है। सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, देवघर और गोड्डा समेत कई जिलों में भी दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
दक्षिणी जिलों में 32-33 डिग्री तक पहुंचा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में दोपहर के समय गर्मी का असर साफ दिख रहा है। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है, जिससे पतले गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में अभी भी ठंड
दूसरी ओर, राज्य के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में ठंड का असर अभी बरकरार है। गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, रांची, हजारीबाग और रामगढ़ में सुबह-शाम ठंडक महसूस की जा रही है। गुमला में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दिन के समय तेज धूप से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है, इसलिए स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। वहीं, ठंड वाले इलाकों में सुबह और शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
मिला-जुला मौसम
फिलहाल झारखंड में ठंड और गर्मी का मिला-जुला मौसम देखने को मिल रहा है। दिन में धूप चुभ रही है, जबकि सुबह-शाम ठंड का एहसास बना हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।








