Jharkhand cold wave: कड़ाके की ठंड से कांपा झारखंड, गुमला बना सबसे ठंडा; क्रिसमस डे पर कोहरे का अलर्ट

3 Min Read

Jharkhand cold wave

रांची। झारखंड में ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। निचले क्षोभमंडल स्तर पर पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से गिरा है। शाम ढलते ही ठंड का असर और तेज हो जा रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और बेघर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से रांची समेत सभी जिलों में बेघर लोगों के लिए विशेष आश्रय गृह की व्यवस्था का दावा किया गया है।

गुमला सबसे ठंडा, न्यूनतम पारा 3.9 डिग्री

मौसम केंद्र रांची द्वारा 24 दिसंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुमला का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम स्तर है। इसके अलावा डाल्टनगंज में 6.1, खूंटी में 6.8, हजारीबाग और लोहरदगा में 7.2, कोडरमा में 7.7, बोकारो में 8.2 और रांची में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सिमडेगा और लातेहार में भी ठंड का असर साफ तौर पर देखा गया।

क्रिसमस के दिन नौ जिलों में कोहरे का अलर्ट

क्रिसमस के मौके पर मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आने की आशंका है।

विमान सेवा पर पड़ा असर

घने कोहरे की वजह से रांची समेत कई जिलों में विजिबिलिटी प्रभावित हुई है। रांची और जमशेदपुर में दृश्यता 500 मीटर तक सिमट गई, जबकि देवघर में 400 मीटर दर्ज की गई। इसके चलते रांची एयरपोर्ट से संचालित चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और 17 उड़ानों के आगमन व प्रस्थान में देरी हुई। इससे यात्रियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।

Share This Article