New Year in Ranchi: रांची में न्यू ईयर की तैयारी शुरू

3 Min Read

New Year in Ranchi:

रांची। राजधानी रांची में न्यू ईयर यानी साल 2026 के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन, जुडको और रांची नगर निगम ने लंबी-चौड़ी योजना बनाई है। शहर के चौक-चौराहों को संवारने की तैयारी चल रही है। हिनू चौक, हरमू चौक और सहजानंद चौक का सौंदर्यीकरण जुडको करा रहा है। वहीं, अन्य बचे हुए चौराहों का सौंदर्यीकरण नगर निगम कराएगा। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। निगम की ओर से पहले फेज में जोन – 2 में स्थित छह चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है।

निगम द्वारा रेडियम चौक, बड़गाई चौक, बूटी मोड़ चौक, जेल मोड़, करमटोली, खेलगांव चौक का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस पर करीब 30.72 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। निगम के इंजीनियरिंग शाखा ने इसके लिए टेंडर निकाल दिया है। 15 दिसंबर को टेंडर खुलेगा। इसमें चयनित एजेंसी को अगले चार माह में चौराहों की दशा सुधारनी होगी। चौराहों के चारों ओर चौहदी बनाकर ग्रिल लगाया जाएगा। बीच में पौधे लगाए जाएंगे और रंग-रोगन किया जाएगा। निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने शहर के सभी चौक-चौराहों को सुंदर बनाने का निर्देश दिया है। जहां जरुरत होगी वहां गोलंबर की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी।

पार्क और पिकनिक स्पॉट पर खास तैयारीः

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही शहर में पिकनिक और पार्टी का माहौल बनने लगा है। पर पार्कों में बैठने के लिए बेंच, बच्चों के झूले सहित पानी व शौचालय की व्यवस्था दुरूस्त नहीं है। इसे देखते हुए निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने पदाधिकारियों को तीन दिनों के अंदर शहर में स्थित निगम के सभी पार्कों को तैयार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी पार्कों का निरीक्षण करके वहां की खामियों की सूची तैयार करें। पार्कों में अंदर खराब पेवर्स ब्लॉक को बदलने, बेंच, लाइट की मरम्मत कराने और चारों ओर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा पार्क तक जाने वाले रूट में खराब स्ट्रीट लाइट, ब्लैक स्पॉट का आकलन करके विद्युत शाखा को सूचना देने का निर्देश दिया गया है। सेल्फी प्वाइंट बनाने को कहा गया है।

Share This Article