Jharkhand yellow alert: झारखंड में येलो अलर्ट जारी, 9 जिलों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

2 Min Read

Jharkhand yellow alert

रांची। झारखंड में सोमवार शाम 2026 की पहली बारिश दर्ज की गई। राज्य के कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में वज्रपात और तेज बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र, India Meteorological Department (रांची) के अनुसार मंगलवार को भी कई जिलों में मेघ गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, चतरा, पलामू, गढ़वा, कोडरमा और रामगढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

25 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?

विभाग के अनुसार 25 फरवरी की सुबह हल्का कुहासा रह सकता है और दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा और 26-27 फरवरी से शुष्क मौसम की स्थिति बनने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य का मौसम बदला हुआ है। तापमान में हल्की गिरावट और बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें और खुले स्थान पर मोबाइल फोन या धातु की वस्तुओं का उपयोग न करें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Share This Article