Jharkhand Weather upadte
रांची। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य में तापमान में गिरावट शुरू होगी और रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी। सुबह के समय कई इलाकों में कुहासा छाने का अनुमान है। अगले पांच दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में लगभग पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सर्द हवाओं का असर
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण राज्य में ठंड का असर बढ़ेगा। बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट की संभावना है, जिससे रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी। मौसम विभाग ने आठ फरवरी तक ठंड का असर बने रहने का अनुमान जताया है।
कई जिलों में येलो अलर्ट
राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पलामू, गढ़वा और चतरा में विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक रहने की संभावना है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह हल्का से मध्यम कुहासा देखने को मिल सकता है।
हिमालय की बर्फबारी का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बर्फबारी और उत्तर भारत में हुई बारिश के बाद ठंडी हवाएं झारखंड पहुंच रही हैं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा खरसावां में यह 11 से 13 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। सुबह हल्का कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं लोगों को सर्दी का एहसास कराएंगी।












